फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,08/06/2026। भीड़भाड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़ गए तीन वर्षीय मासूम को सकुशल तलाश कर हरिद्वार पुलिस ने एक परेशान मां की आंखों में फिर से खुशी लौटा दी। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए खाकी का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को विष्णु घाट क्षेत्र में एक तीन वर्षीय बालक अचानक अपने परिजनों से बिछड़ गया। काफी देर तक तलाश करने के बावजूद जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो घबराए परिजनों ने कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस से मदद की गुहार लगाई। परिजनों को आशंका थी कि कहीं बच्चे का अपहरण न हो गया हो।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली हरिद्वार पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए आसपास के क्षेत्रों में बच्चे की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मासूम को सीसीआर चौक के पास सकुशल बरामद कर लिया।
बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मासूम को परिवार के सुपुर्द करते हुए पुलिस ने मानवता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पल उनके लिए किसी बड़े चमत्कार से कम नहीं है और वे पुलिस के इस सहयोग के लिए आजीवन ऋणी रहेंगे।


