फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,07/06/2026। चंडी देवी मंदिर रोपवे मार्ग के पास मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का हरिद्वार पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। करीब 25 दिनों तक चली गहन जांच, 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, लाखों मोबाइल नंबरों और तकनीकी डाटा की पड़ताल के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस बहुचर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि हत्या प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव के चलते की गई थी। मुख्य आरोपी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

ऐसे मिला था शव

दिनांक 10 मई 2026 को थाना श्यामपुर क्षेत्र अंतर्गत चंडी देवी मंदिर रोपवे के पास टूटे हुए पैदल मार्ग पर घनी झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का नग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दो कुंडल, टूटा हुआ मंगलसूत्र, सफेद गमछा तथा महिला के गले में कसकर बंधा ब्लाउज बरामद किया था।

शव काफी पुराना होने के कारण चेहरा पूरी तरह सड़ चुका था, जिससे पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था।

टैटू बने पहचान का जरिया

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के हाथों पर बने टैटू महत्वपूर्ण सुराग के रूप में मिले। दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में “KAUSHILYA” और फूलदान का निशान बना था, जबकि बाएं हाथ पर दिल के आकार में “K.R.” और अलग से “R” लिखा हुआ था। हथेली के पीछे ॐ का चिन्ह भी गुदा हुआ मिला।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने महिला की पहचान और हत्यारोपियों तक पहुंचने के लिए डीसीआरबी, एससीआरबी और एनसीआरबी सहित विभिन्न तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया। शुरुआती 72 घंटे तक पहचान न होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

600 घंटे फुटेज और लाखों नंबरों की जांच

पुलिस टीम ने 1 मई से 10 मई तक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आंधी और तूफान के कारण कई कैमरे क्षतिग्रस्त होने से जांच में कठिनाई आई, लेकिन टीम लगातार जुटी रही।

जांच के दौरान 164 कौशल्या नामक महिलाओं की गुमशुदगी की जानकारी जुटाई गई, जबकि निर्वाचन रिकॉर्ड में 3540 महिलाओं का डाटा खंगाला गया। साथ ही 1 लाख 64 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों का डम्प डाटा और ट्रूकॉलर के माध्यम से विश्लेषण किया गया।

लगातार जांच के बाद 8 मई 2026 की सीमित फुटेज में तीन संदिग्ध युवक और एक महिला चंडी देवी मंदिर की ओर जाते दिखाई दिए। लौटते समय महिला उनके साथ नहीं थी।

700 किलोमीटर दूर बुंदेलखंड पहुंची पुलिस

रूट चार्ट और मोबाइल डाटा के विश्लेषण के बाद पुलिस की जांच उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद तक पहुंची। करीब 700 किलोमीटर दूर बुंदेलखंड क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतका कौशल्या और आरोपी रामप्रकाश उर्फ गोविंदा के बीच प्रेम संबंध थे। रामप्रकाश पहले से शादीशुदा था, लेकिन मृतका लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से महिला को हरिद्वार घुमाने और चंडी देवी दर्शन कराने के बहाने बुलाया और सुनसान रास्ते पर ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस टीम को इनाम

मामले का सफल खुलासा करने पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये तथा एसएसपी हरिद्वार ने 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

गिरफ्तार आरोपी

राकेश पुत्र राजा निवासी ग्राम ग्योडीबाबा, थाना कोतवाली नगर, बांदा उत्तर प्रदेश

रामप्रकाश उर्फ गोविंदा पुत्र राजा निवासी ग्राम ग्योडीबाबा, थाना कोतवाली नगर, बांदा उत्तर प्रदेश

छेदीलाल पुत्र ईशूरी प्रसाद निवासी ग्राम काहला गंछा, थाना कोतवाली नगर, बांदा उत्तर प्रदेश

बरामदगी

तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन

एक पिट्ठू बैग

पुलिस टीम

एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा सहित सीआईयू और श्यामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस पूरे हत्याकांड के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply