फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,06/06/2026।हरिद्वार में स्मार्ट मीटरों को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच नवनीत शर्मा ने बिजली विभाग और स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर इतने ही भरोसेमंद हैं तो सबसे पहले इन्हें बिजली विभाग के अधिकारियों के घरों और संबंधित कंपनी के कार्यालयों में लगाया जाना चाहिए।

नवनीत शर्मा ने कहा कि हरिद्वार में जीनस कंपनी को स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका दिया गया है, लेकिन जनता की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं कि कई मीटर आवश्यकता से अधिक रीडिंग दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन घरों में ये मीटर लगाए गए हैं, वहां के उपभोक्ताओं से पूछकर इसकी वास्तविक स्थिति जानी जा सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था में बड़ी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की आशंका दिखाई दे रही है। कई मीटर खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहीं उपभोक्ताओं द्वारा लोड बढ़ाने का शुल्क जमा करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

नवनीत शर्मा ने कहा कि बिजली विभाग के एसडीओ और जेई स्तर के अधिकारियों के पास भी सीमित तकनीकी नियंत्रण दिखाई देता है, जबकि पूरी व्यवस्था कंपनी आधारित सिस्टम पर निर्भर नजर आती है। ऐसे में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर स्मार्ट मीटर थोपना उचित नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से मांग की कि स्मार्ट मीटरों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नवनीत शर्मा ने कहा कि वह केवल जनता की आवाज और उनकी समस्याओं को सामने रखने का काम कर रहे हैं।

Share.
Leave A Reply