फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,01/06/2026। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 जून 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर एवं फील्ड यूनिट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद और टिप्पणी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने कांवड़ यात्री अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत, हरियाणा को गोली मार दी।
घायल अजय को उसके साथियों और पुलिस की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज पुत्र जबर सिंह, निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया।
इसके अलावा पुलिस ने फरार चल रहे अन्य आरोपियों आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


