फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,01/06/2026। रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तमंचे के बल पर स्कूटी, मोबाइल और नगदी लूटने की घटना का खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल, पर्स, नकदी, एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक 23 मई 2026 की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती पुत्र प्रकाश चंद सती अपनी स्कूटी से सिडकुल से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आए चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर डराते हुए उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स और पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।

पॉश इलाके में हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। रानीपुर कोतवाली और सीआईयू की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बदमाश वारदात के दौरान गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उनके स्थानीय होने की आशंका मजबूत हुई।

मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस ने 31 मई की रात रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी सहित रोक लिया। स्कूटी की नंबर प्लेट संदिग्ध लगने पर इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई, जिसमें वह लूटी गई स्कूटी निकली। आरोपियों ने उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो हजार रुपये नकद, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।पुलिस टीम

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक चरण सिंह, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल सहित रानीपुर कोतवाली और सीआईयू की टीम शामिल रही।

Share.
Leave A Reply