फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,31/05/2026। वीकेंड पर उमड़ी भारी भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव के बीच एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने शनिवार देर शाम हर की पौड़ी क्षेत्र सहित विभिन्न घाटों एवं हाईवे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उमस भरे मौसम के बीच लगातार ड्यूटी कर रहे जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने सतर्कता एवं संयम के साथ कार्य करने की बात कही।
एसएसपी ने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि क्रेन को हर समय तैयारी की स्थिति में रखा जाए, ताकि हाईवे अथवा मुख्य मार्गों पर किसी भी वाहन के खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल हटाकर यातायात को बाधित होने से बचाया जा सके।
इसके अलावा घाटों पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।


