फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 31 मई 2026।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग ‘समूह-ग’) सेवा (सामान्य शाखा एवं महिला शाखा) परीक्षा-2025 के अंतर्गत विषय इतिहास की लिखित (वस्तुनिष्ठ प्रकार) परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन हरिद्वार एवं हल्द्वानी नगर के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में किया गया।
आयोग के उप सचिव डॉ. प्रशांत ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा में कुल 5519 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम सत्र में इतिहास-I की परीक्षा प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें 3332 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2187 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं द्वितीय सत्र में इतिहास-II की परीक्षा अपराह्न 02:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न हुई। इस सत्र में 3316 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 2203 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
आयोग के अनुसार परीक्षा सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।


