फुरकान अंसारी।

हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित ईदगाह में कल आयोजित होने वाली ईद-उल-अजहा की नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईदगाह परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और नमाजियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

गुरुवार 20 मई 2026 को प्रशासनिक अधिकारियों एवं ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया। ईदगाह कमेटी के सदर जमशेद खान ने बताया कि नमाजियों की सहूलियत के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की।

वहीं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं। ईदगाह क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि नमाज के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर हरिद्वार नगर निगम की टीम भी लगातार सक्रिय है। ईदगाह परिसर और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है, जिससे नमाजियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि ईद-उल-अजहा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक हर्ष अरोरा, रेल चौकी इंचार्ज समीप पाण्डेय, बाजार चौकी इंचार्ज देवेंद्र पाल सिंह, उप निरीक्षक मनीष भंडारी सहित पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply