(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार,25/05/2026। ईद-उल-अजहा का पर्व नजदीक आते ही ज्वालापुर मंडी कुआं क्षेत्र में बकरों की खरीद-फरोख्त ने जोर पकड़ लिया है। मंडी में दूर-दूर से व्यापारी और खरीदार बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में काफी भीड़भाड़ देखने को मिल रही है। बकरों की मंडी सजने के साथ ही, रोड़ पर यातायात प्रभावित होने लगा और जाम जैसी स्थिति बन गई।
मंडी परिसर और मुख्य चौक पर बढ़ती भीड़ तथा सड़क के बीच खड़े बकरा व्यापारियों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और आसपास के व्यापारियों द्वारा स्थिति की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद ज्वालापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस कर्मियों ने सड़क के बीच खड़े व्यापारियों को हटाकर सड़क किनारे व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस द्वारा लगातार लोगों से सहयोग बनाए रखने और सड़क पर अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील भी की गई।
पुलिस का कहना है कि ईद-उल-अजहा को देखते हुए क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ पार्किंग की उचित व्यवस्था भी कराई जाए, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति से राहत मिल सके।
Add A Comment


