प्रेमनगर आश्रम घाट के पास चलाया गया वृहद सफाई अभियान, पॉलीथिन व अन्य अपशिष्ट हटाकर मां गंगा को स्वच्छ रखने की अपील।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 28 अक्टूबर। मां गंगा की स्वच्छता और घाटों को साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस के जवानों ने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स के सहयोग से प्रेमनगर आश्रम के पास गंगा तट और आसपास के घाटों पर वृहद सफाई अभियान चलाया। इस दौरान जवानों ने गंगा घाटों से पॉलीथिन सहित अन्य अपशिष्ट हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र कुमार ने किया। अभियान में पुलिस के जवानों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स ने पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रतिभाग किया। सभी ने मिलकर गंगा तट और आसपास के घाटों की सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान हरिद्वार पुलिस ने क्षेत्रीय निवासियों, श्रद्धालुओं और आमजन को मां गंगा के जल एवं घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि गंगा घाटों पर पॉलीथिन, प्लास्टिक और अन्य कचरा न फेंकें तथा घाटों को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

पुलिस ने कहा कि मां गंगा करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक हैं। उनकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए जनसहभागिता और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

Share.
Leave A Reply