(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार,13 मई 2026।प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत एवं सार्वजनिक परिवहन तथा साझा वाहनों के अधिकाधिक उपयोग की गई अपील से प्रेरित होकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिद्वार आशु चौधरी ने आज विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में साइकिल से पहुंचकर जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह आह्वान केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी को “राष्ट्र सर्वोपरि” की भावना के साथ पेट्रोल और डीजल की अनावश्यक खपत कम करने का संकल्प लेना चाहिए।
आशु चौधरी ने कहा कि यदि हम छोटी-छोटी दूरियों के लिए साइकिल, सार्वजनिक परिवहन एवं साझा वाहनों का उपयोग करें, तो इससे प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य करें।


