(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 13 मई 2026।

कोतवाली कनखल में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें थाना क्षेत्र के कई वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा से जुड़े सुझाव भी साझा किए।

इस अवसर पर साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक अक्सर साइबर ठगों के निशाने पर रहते हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।

पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि इस प्रकार की गोष्ठियां प्रत्येक माह आयोजित की जाएंगी, ताकि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समय-समय पर समाधान किया जा सके।

जो वरिष्ठ नागरिक अकेले निवास करते हैं तथा उनके यहां नौकर कार्यरत हैं, उनकी सुरक्षा के मद्देनजर मोबाइल नंबर नोट किए गए और नौकरों का पुलिस सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया गया।

साथ ही चेतक कर्मियों को निर्देशित किया गया कि अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के घरों का नियमित भ्रमण कर उनका हालचाल लें और सुरक्षा सुनिश्चित करें।

गोष्ठी के अंत में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस के सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Share.
Leave A Reply