(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार,12/05/2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह अप्रैल की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की मौजूदगी में अपराध नियंत्रण, चारधाम यात्रा, यातायात व्यवस्था, नशा तस्करी और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में नशे का तस्कर या पैडलर गिरफ्तारी से नहीं बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की पूरी चैन को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए तथा संबंधित क्षेत्राधिकारी इसकी साप्ताहिक समीक्षा करें। अपराधियों की कुंडली खंगालकर उनके विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

एसएसपी ने कहा कि चारधाम यात्रा धीरे-धीरे अपने चरम की ओर बढ़ रही है, ऐसे में सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। यात्रा मार्गों पर पुलिस गश्त और यातायात टीमें लगातार सक्रिय रहें ताकि किसी भी दुर्घटना या जाम की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अन्य विभागों से भी समन्वय बनाकर आवश्यक सहयोग लेने के निर्देश दिए गए।

वीकेंड के दौरान शहर से लेकर देहात तक यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने को कहा गया।

ऑपरेशन प्रहार के तहत बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की एसएसपी ने प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी पुलिस मुख्यालय स्तर पर चलाए जाने वाले अभियानों में शत-प्रतिशत योगदान देने की अपेक्षा जताई।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को समय-समय पर अपने क्षेत्रों में रह रहे सीनियर सिटिजनों के घर जाकर उनसे वार्ता करने तथा उन्हें महत्वपूर्ण संपर्क नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया।

समर सीजन को देखते हुए आगजनी की घटनाओं पर तत्काल रिस्पॉन्स देने के निर्देश भी जारी किए गए। एसएसपी ने कहा कि फायर यूनिट सूचना मिलते ही उपकरणों सहित मौके पर पहुंचे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके अलावा सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने, ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा जघन्य अपराधों में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराधियों में पुलिस का खौफ बना रहे।

अपराध गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply