(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 11 मई 2026:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज नेशनल हाईवे स्थित शंकराचार्य चौक पर विशेष अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनाए गए तथा भविष्य में बिना हेलमेट वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन में हरिद्वार पुलिस द्वारा जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर एवं प्रेशर हार्न का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्टिकरण) भी किया गया। पुलिस ने आमजन को संदेश दिया कि वाहन में रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हार्न का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ आम लोगों को परेशानी होती है। हरिद्वार पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे उपकरणों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त पुलिस मुख्यालय से यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु उपलब्ध कराई गई 07 मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर यातायात ड्यूटी के लिए रवाना किया गया, ताकि किसी भी सूचना पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सके।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अवश्य करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं, जिससे सभी लोग सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
इस अवसर पर एसपी क्राइम, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ कनखल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


