(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार पुलिस के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में ट्यूशन के लिए निकली 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मामले में परिजनों ने किशोरी के दोस्त ऋतिक समेत अन्य महिला व पुरुष मित्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी स्थित मान्यवर वाली गली निवासी परिजनों ने कोतवाली ज्वालापुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी 15 वर्षीय पोती 8 मई 2026 को शाम करीब 4 बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर 9 मई की रात करीब 1:05 बजे अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 384/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक ललिता चुफाल को सौंपी गई।
ज्वालापुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। इसी दौरान 9 मई की सुबह करीब 11 बजे पुलिस और परिजनों ने किशोरी को बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने मित्र ऋतिक के साथ घूमने गई थी। दोनों पहले हरिद्वार और फिर ऋषिकेश गए, जहां गंगा किनारे समय बिताया। रात में दोनों कनखल क्षेत्र में गंगा किनारे रुके रहे। सुबह किशोरी ने अपनी सहेली को फोन कर अपनी लोकेशन बताई, जिसके बाद परिजनों और पुलिस ने उसे खोज लिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में किशोरी और उसके परिजनों ने किसी प्रकार की आपराधिक घटना से इनकार करते हुए कोई कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही। आवश्यक पूछताछ के बाद किशोरी को दोपहर करीब 3:30 बजे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हालांकि, उसी शाम किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत रानीपुर मोड़ स्थित सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद ज्वालापुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। 10 मई को डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने किशोरी के शरीर में “सस्पेक्टेड पॉइजन” होने की आशंका जताई है।
किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने ऋतिक और उसके अन्य साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


