(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। कनखल पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंग को नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराकर विभिन्न वारदातों को अंजाम दिलाने में मदद करते थे। पुलिस का दावा है कि गैंग का नेटवर्क भूपतवाला, ज्वालापुर, कनखल, पथरी और लक्सर तक फैला हुआ था, जिसे अब ध्वस्त किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मारपीट और आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस ने सादे कपड़ों में टीम गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी शुरू की थी।

बताया गया कि 4 मई 2026 को प्रणव शर्मा निवासी कनखल ने थाना कनखल में अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि जगजीतपुर स्थित रॉयल हट में आरोपियों ने मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 मई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कुशलपाल निवासी बजरीवाला बैरागी कैंप कनखल, आकाश कुमार निवासी तुकमापुर थाना नगीना बिजनौर और हिमांशु उर्फ जौनी निवासी थाना नूरपुर बिजनौर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार अब तक इस गैंग से जुड़े 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। कनखल पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Share.
Leave A Reply