(फुरकान अंसारी )

हरिद्वार। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पिरान कलियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी करने वाले आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02.05.2026 को ग्राम मेहवड़कला निवासी अनिरुद्ध सैनी ने कोतवाली पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई कि 29.04.2026 को उनके परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर घर के मुख्य गेट और अंदर अलमारी का ताला टूटा मिला तथा सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे। इस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 90/26 धारा 305, 331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और डिजिटल पुलिसिंग के तहत गांव के आसपास लगे 60-70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने 03.05.2026 की रात धनौरी रोड स्थित बावन दर्रा के पास नहर पटरी से एक संदिग्ध को इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और ₹4000 नगद बरामद हुए। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पूछताछ में आरोपी गुलशेर पुत्र नासिर अली, निवासी लण्ढौरा थाना मंगलौर, उम्र 24 वर्ष ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने खाली घर देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस टीम में 

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल कैलाश राम एवं होमगार्ड विक्रम की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply