फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार, लक्सर। मा0 न्यायालय के आदेश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार कोतवाली लक्सर पुलिस ने मालखाने में लंबे समय से लंबित पड़े अज्ञात शवों के पोस्टमार्टम से संबंधित बिसरा एवं आबकारी अधिनियम के अंतर्गत जब्त मालों का विधिवत निस्तारण कराया।
पुलिस प्रशासन द्वारा मालखानों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में कार्रवाई संपन्न हुई।
कोतवाली लक्सर के मालगृह में रखे अज्ञात शवों के पोस्टमार्टम से संबंधित 51 बिसरा (96 जार) तथा आबकारी अधिनियम से संबंधित 146 मालों के निस्तारण के लिए उप जिलाधिकारी एवं मा0 न्यायालय लक्सर से पत्राचार किया गया था। न्यायालय द्वारा 24 अप्रैल 2026 को एक समिति गठित कर मालों के निस्तारण के आदेश जारी किए गए।
इसी क्रम में 2 मई 2026 को गठित समिति की उपस्थिति में नियमानुसार कुल 197 बिसरा एवं अन्य मालों का विधि-विधान से विनिष्टीकरण किया गया।
गठित समिति में शामिल सदस्य:
क्षेत्राधिकारी लक्सर, हरिद्वार
प्रभारी निरीक्षक लक्सर
तहसीलदार हरिद्वार
चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर
अभियोजन अधिकारी, लक्सर
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान
हेड कांस्टेबल दिनेश चंद्र (मालखाना मोहर्रिर)
इस कार्रवाई से कोतवाली लक्सर के मालखाने में लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिली है तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता प्राप्त हुई।


