फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार, 02 मई 2026।उप जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेन्द्र कुमार ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG) परीक्षा-2026 का आयोजन 03 मई 2026 (रविवार) को दोपहर 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा जनपद हरिद्वार के निम्नलिखित केंद्रों पर संपन्न होगी—
केंद्र कोड 4505102 – पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, ज्वालापुर
केंद्र कोड 4505104 – पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार
परीक्षा को नकल-विहीन, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं बाधारहित ढंग से संपन्न कराने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
उप जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (पूर्व धारा 144) के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास निर्धारित सीमा में बिना पूर्व अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सभा करने या जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा।
साथ ही किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, जनभावनाओं को भड़काने वाली गतिविधियों तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वाले कार्यों पर पूर्ण रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण भी प्रतिबंधित रहेगा।
निर्धारित परिधि में कोई भी व्यक्ति लाठी, चाकू, तलवार, भाला, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब या पेट्रोल जैसी वस्तुएं लेकर नहीं चल सकेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन, सेलुलर डिवाइस या पेजर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्रों के भीतर केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस बल को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जारी आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply