फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार। 01 मई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर निफ्टू से संबद्ध पांच श्रमिक संगठनों — HEWTU, AIBEU HEEP एवं CFFP, CFFPSU तथा CFFWU – द्वारा भेल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सीएफएफपी फाउंड्री गेट पर शाम 4:00 बजे शहीद श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात श्रमिकों ने भेल प्रबंधन के खिलाफ अपनी विभिन्न लंबित एवं ज्वलंत समस्याओं को लेकर विशाल प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं एमएलसी हरिद्वार रामयश सिंह ने कहा कि जून 2026 में भेल की मान्यता प्राप्त यूनियन के चुनाव हुए चार वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। ऐसे में भेल प्रबंधन को शीघ्र मान्यता चुनाव कराने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रबंधन द्वारा लागू की गई सेंट्रलाइज्ड इंसेंटिव स्कीम में कर्मचारियों को मिलने वाली अधिकतम प्रोत्साहन राशि पहले ₹6000 थी, जिसे घटाकर ₹3200 कर दिया गया है। यूनियनों ने मांग की कि इंसेंटिव राशि को बढ़ाकर ₹8000 किया जाए। साथ ही, वैक्स एवं अन्य विभागों के कर्मचारियों को डायरेक्ट इंसेंटिव श्रेणी में शामिल कर सभी कर्मचारियों को समान लाभ देने की मांग उठाई गई।
हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन (निफ्टू) के महामंत्री विकास सिंह ने कहा कि वर्ष 2025-26 में भेल ने 32,400 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए पूर्व की भांति पीपी भुगतान हेतु मई माह में शीघ्र जेसीएम बैठक आयोजित की जानी चाहिए। साथ ही केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-4 में कर्मचारियों के बच्चों के लिए कक्षा-1 में प्रवेश प्रक्रिया पुनः प्रारंभ करने की मांग की गई।
कार्यक्रम में कुमुद श्रीवास्तव ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी निर्धारित कार्य अवधि से अतिरिक्त समय तक कार्य करता है तो उसे सी-ऑफ के स्थान पर ओवरटाइम भुगतान दिया जाना चाहिए, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिल सके और उनका जीवन स्तर बेहतर हो।
सीएफएफपी श्रमिक संगठन के महामंत्री सचिन ने कहा कि कोरोना काल में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को कर्मचारी की सेवानिवृत्ति तिथि तक आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।
हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष पुरोहित ने कहा कि पिछले वेज रिवीजन के दौरान कर्मचारियों को प्रत्येक पांच वर्ष में लैपटॉप वितरण का निर्णय लिया गया था। अब पांच वर्ष पूर्ण होने पर कर्मचारियों को पुनः लैपटॉप वितरित किया जाना चाहिए। उन्होंने भेल हरिद्वार में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों को मिलने वाले दिव्यांग भत्ते को आयकर स्लैब से बाहर करने की मांग भी उठाई, जिससे उन्हें कर में राहत मिल सके।
प्रदर्शन में विकास सिंह, कुमुद श्रीवास्तव, गगन वर्मा, राजकुमार, अमित गोगना, कृपाल सिंह, सतेंद्र प्रताप, संदीप सिंघानिया, सुभाष पुरोहित, राकेश मालवीय, नवीन गिरी, अरविंद मावी, बलवीर रावत, दिलीप दास, सुमित गर्ग, सुनील कुमार, प्रह्लाद चौहान, अतुल मिश्रा, अतुल राय, मोहित, विजय, भगत रावत, ज्ञानप्रकाश, रामलाल प्रजापति, अजय सिंह, सलीम, राजीव पाल, जगेश पाल, राम भरोसे लाल, रत्नेश्वर भारती, अरुण कुमार, बीरेंद्र भदौरिया, संजीव कुमार, इंदरजीत यादव, दीपक अग्रवाल, यशवंत साफी, बलवीर सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


