फुरकान अंसारी संपादक।

 हरिद्वार | 02 मई 2026।कोतवाली लक्सर पुलिस ने डॉक्टर पर जानलेवा फायरिंग के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित सत्संगी बाबा ने अपने चेले के साथ मिलकर डॉक्टर पर हमले की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध असलाह बरामद किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी बाबा फिलहाल फरार है।

पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को दाबकी कलां निवासी डॉक्टर सुमित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने साथियों के साथ बहादराबाद स्थित हंस फाउंडेशन अस्पताल से लौट रहे थे। इसी दौरान बाडीटीप क्षेत्र के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले 14 अप्रैल 2026 को भी डॉक्टर की कार पर हमला किया गया था। दाबकी गांव के पास कार पर फायरिंग के निशान मिले थे और वाहन के टायर के भीतर से गोली भी बरामद हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लक्सर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी (22 वर्ष) निवासी ग्राम भिक्कमपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर UK08 BE 2801 और 315 बोर का अवैध हथियार बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसका परिवार लंबे समय से एक कथित बाबा के सत्संग से जुड़े हुए थे। बाबा के आश्रम में रहने के दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। आरोपी के मुताबिक बाबा ने करीब पांच-छह महीने पहले डॉक्टर सुमित को रास्ते से हटाने की बात कही थी।

आरोपी ने बताया कि 14 अप्रैल को बाबा के साथ मिलकर डॉक्टर की कार पर फायरिंग की गई थी। इसके बाद 27 अप्रैल को दोबारा पीछा कर बाडीटीप क्षेत्र के आगे कार पर चार राउंड फायर किए गए।

पुलिस अब फरार बाबा की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

शुभम सैनी पुत्र राजेश कुमार, निवासी ग्राम भिक्कमपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार

बरामदगी:

घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK08 BE 2801

315 बोर अवैध असलाह

पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी, एसआई यशवीर नेगी, एचसी पंचम प्रकाश, कांस्टेबल गंगा, कांस्टेबल धवजवीर, एचसी मनमोहन भंडारी (CIU), कांस्टेबल महिपाल तोमर (CIU)।

 

Share.
Leave A Reply