फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार में बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अगुवाई में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान जोनल और सेक्टर प्रभारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मेला क्षेत्र को 8 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी जोनल और सेक्टर अधिकारी स्नान समाप्ति तक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे और लगातार मेला कंट्रोल रूम को स्थिति की जानकारी देंगे।
ब्रीफिंग में एसपी सिटी अभय सिंह ने स्नान संचालन, श्रद्धालुओं की निकासी और भीड़ नियंत्रण की योजना साझा की, जबकि एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने भीड़ के अनुसार यातायात प्लान लागू करने पर जोर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर कमियों को तुरंत दूर कराया जाए। चारधाम यात्रा के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना जताई गई, जिसके मद्देनजर सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
सड़क किनारे किसी भी वाहन को पार्क नहीं होने दिया जाएगा। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रखी जाएगी।
सीमावर्ती जनपदों से ट्रैफिक अपडेट लेकर जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक यातायात योजना लागू की जाएगी ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। इसके अलावा कंट्रोल रूम में खोया-पाया सेल भी स्थापित किया गया है।
बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी, अर्धसैनिक बल, जल पुलिस, फायर यूनिट, डॉग स्क्वाड और आपदा राहत दल की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था मिल सके।
Add A Comment


