फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर रविवार को मेला भवन सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईजी कुंभ मेला 2027 योगेन्द्र सिंह रावत ने की। इसमें कुंभ मेला यातायात नियंत्रण उपसमिति के अध्यक्ष एवं एसएसपी नवनीत सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए।
बैठक में अखाड़ा परिषद, होटल एसोसिएशन, साधु समाज, टैक्सी चालक संघ तथा अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए जा रहे यातायात प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई और सदस्यों से सुझाव मांगे गए।
एसपी ट्रैफिक एवं क्राइम निशा यादव ने अब तक तैयार किए गए यातायात प्रबंधन प्लान की क्रमवार जानकारी साझा की। वहीं एसपी सिटी अभय सिंह ने उपस्थित सदस्यों के सवालों के जवाब देते हुए व्यवस्थाओं से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दीं।
आईजी योगेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि यातायात योजना तैयार करते समय श्रद्धालुओं, होटल व्यवसायियों, टैक्सी-टेंपो एवं रिक्शा यूनियन, अखाड़ा परिषद और साधु समाज सहित सभी हितधारकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सुझावों और सुधार संबंधी बिंदुओं के आधार पर कार्ययोजना में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि भीड़ की स्थिति के अनुसार अलग-अलग यातायात प्लान तैयार कर उन्हें लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए सभी विभागों और संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

