लक्सर पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, फिरौती मांगने वाले तीन आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

लक्सर, हरिद्वार | 23 अप्रैल 2026।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक साजिश का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस की सक्रियता से संभावित हत्या और बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया।

₹10 लाख की फिरौती मांगने का मामला

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को ग्राम हबीबपुर कुड़ी निवासी प्रवीण कुमार ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबर से उनसे ₹10 लाख की फिरौती मांगी गई। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोग कई दिनों से उसके आसपास मंडरा रहे थे।

तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 364/26, धारा 308(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना रायसी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार को सौंपी गई।

चेकिंग अभियान के दौरान दबोचे गए आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान रायसी क्षेत्र में संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विकास उर्फ ठाकुर ने बताया कि उसने अपने साथी आशिफ के माध्यम से शिकायतकर्ता से ₹10 लाख की फिरौती मंगवाई थी। फिरौती न मिलने पर तीनों आरोपी मिलकर प्रवीण कुमार की हत्या की योजना बनाकर क्षेत्र में पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से योजना विफल हो गई।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी मुकदमा संख्या 364/26 से संबंधित पाए गए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

विकास उर्फ ठाकुर पुत्र मदन, निवासी ग्राम हबीबपुर कुड़ी, रायसी, लक्सर, हरिद्वार

आशिफ पुत्र नजाकत, निवासी समीपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश

मुराद अली पुत्र मोनिस अहमद, निवासी ग्राम हबीबपुर कुड़ी, रायसी, लक्सर, हरिद्वार

बरामदगी

02 अवैध तमंचे (315 बोर)

04 जिंदा कारतूस (315 बोर)

02 मोबाइल फोन

01 मोटरसाइकिल Hero HF Deluxe (UK17Z7490)

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कनौजिया, कांस्टेबल अनिल वर्मा, अरविंद और महेंद्र शामिल रहे।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी विकास उर्फ ठाकुर के खिलाफ लक्सर और आसपास के थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

SSP की अपील

एसएसपी हरिद्वार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Share.
Leave A Reply