फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 तमंचे, जिंदा कारतूस और 3 चाकू बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना आपसी रंजिश और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने की मंशा से अंजाम दी गई।

पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 की रात बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हन्नी निवासी आर्यनगर ज्वालापुर और उसके दोस्त वंशु निवासी पीठ बाजार ज्वालापुर को कुछ युवकों ने रोक लिया। आरोप है कि 8 से 10 युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से वंशु गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल की रात धीरवाली रोड स्थित भागोवाली मैदान से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में फरहान पुत्र फरमान निवासी कस्सावान ज्वालापुर, अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर, सागर उर्फ पहाड़ी निवासी सुभाषनगर ज्वालापुर और दो विधि विवादित किशोर शामिल हैं। पुलिस ने फरहान और अनमोल के पास से 315 बोर के दो तमंचे और कारतूस, जबकि सागर और नाबालिग आरोपियों के पास से चाकू बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका इंस्टाग्राम पर “BAAZ” नाम का ग्रुप है। यह गैंग अवैध हथियारों के दम पर लोगों को डराकर अपना प्रभाव जमाने का प्रयास करता था। पुलिस के अनुसार घायल युवक वंशु पूर्व में कुछ झगड़े के मामलों में गवाह रहा था, जिससे आरोपियों की उससे पुरानी रंजिश चल रही थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी व कर्मी

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, हेड कांस्टेबल विमल नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कांस्टेबल सुमन डोभाल और कांस्टेबल राजपाल सिंह शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply