फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में रोड़ीबेलवाला स्थित दीनदयाल पार्किंग अंडरपास के पास साधु की हत्या के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नेपाली मूल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मृतक साधु की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पहचान न होने के कारण पुलिस ने स्वयं वादी बनकर मुकदमा दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को चौकी रोड़ीबेलवाला पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि दीनदयाल पार्किंग अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक बाबा के साथ रात में मारपीट हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लगभग 40 से 45 वर्षीय अज्ञात साधु गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर और माथे पर गंभीर चोटें थीं। घायल को जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मृतक की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। मृतक की पहचान न होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर मुकदमा अपराध संख्या 184/2026 धारा 103(3) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ में श्रद्धालुओं और यात्रियों ने बताया कि संदिग्ध हुलिए का व्यक्ति गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग की ओर जाता देखा गया था। पुलिस टीम ने पार्किंग क्षेत्र में तलाश की, जहां एक पेड़ के नीचे सो रहा व्यक्ति संदिग्ध पाया गया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक थापा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से हरिद्वार आया था और पार्किंग क्षेत्र में रह रहा था। सोने की जगह को लेकर मृतक से उसका विवाद हुआ था। आरोपी के अनुसार, घटना वाली रात वह कनखल में शादी समारोह से लौटने के बाद नशे की हालत में पुल के नीचे पहुंचा, जहां मृतक ने फिर विवाद शुरू कर दिया। गुस्से में उसने पहले बांस के डंडे से हमला किया और डंडा टूटने पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी दीपक थापा पुत्र रामबहादुर थापा निवासी ग्राम पुरकोट तमगास, अंचल लुम्बिनी, नेपाल, उम्र 43 वर्ष को गिरफ्तार कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा
वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट
उपनिरीक्षक नवीन नेगी
हेड कांस्टेबल सतीश नोटियाल
हेड कांस्टेबल सतेंद्र कुमार
कांस्टेबल अजीत तोमर की कार्रवाई।


