फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने तत्परता और प्रभावी कार्रवाई का परिचय देते हुए एक लावारिस शव के हत्या मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 14 अप्रैल 2026 की है, जब वन विभाग के कर्मचारी ने सूचना दी कि राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान न होने के कारण पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

जांच में जुटी पुलिस, सर्विलांस का लिया सहारा

एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने गंगा घाटों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से सुराग जुटाए गए। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करते।

हुलिए के आधार पर दबोचे गए आरोपी

17 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम गश्त के दौरान हिल बाईपास स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंची, जहां दो संदिग्ध युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।

नशे और लालच में की गई हत्या

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 13 अप्रैल की रात वे हरकी पैड़ी के पास शराब और गांजे के नशे में थे। अगले दिन मोतीचूर क्षेत्र में उन्होंने एक बाबा (मृतक) से बीड़ी मांगी। इस दौरान मृतक के पास पैसे देखकर उनका लालच बढ़ गया।

जब मृतक ने पैसे देने से इनकार किया और गाली दी, तो गुस्से और लालच में आकर आरोपियों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर धक्का दिया, जिससे वह पत्थरों पर गिर गया। इसके बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और पैसे लेकर फरार हो गए।

मृतक की पहचान अभी भी अज्ञात

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए प्रयास जारी हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

आरोपियों का विवरण

मनोज कुमार उर्फ चिकना (25 वर्ष), निवासी ग्राम बनाममई, थाना वेदपुरा, जिला इटावा (उ.प्र.)

रोहित कुमार (19 वर्ष), निवासी ग्राम सरण, थाना पड़ाक, जिला पटना (बिहार)

मुकदमा विवरण

मु0अ0सं0-179/2026

धारा- 103(1) बीएनएस

पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम के अन्य सदस्यों ने इस कार्रवाई को सफल बनाया, जिसमें उपनिरीक्षक एवं कांस्टेबल स्तर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply