फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार।आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस द्वारा आज दिनांक 15 अप्रैल 2026 को ट्रैफिक कार्यालय हरिद्वार में पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र की समस्त टैक्सी यूनियनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान चारधाम यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को लेकर टैक्सी चालकों, वाहन स्वामियों एवं यूनियन पदाधिकारियों के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों में निर्धारित किराया सूची (रेट लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा फर्स्ट-एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त, यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वाहन चालकों को शालीन एवं मधुर व्यवहार बनाए रखने, ओवरलोडिंग से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी, परिवहन कर अधिकारी रविंद्र सैनी तथा यातायात उपनिरीक्षक मोहित रौथाण भी उपस्थित रहे।

संदेश:

उत्तराखंड देवभूमि है—सभी वाहन स्वामी आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार रखें।

Share.
Leave A Reply