फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के भोगपुर स्थित एक मंदिर में सेवादार की हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियारों के साथ चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
दिनांक 12 अप्रैल 2026 को भोगपुर स्थित मंदिर में कार्यरत बुजुर्ग सेवादार राजवीर की अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर पर हथोड़ी से वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली लक्सर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल जांच के जरिए आसपास के मंदिरों में हुई घटनाओं को जोड़ते हुए संदिग्धों पर नजर रखी। लगातार प्रयासों के बाद 14 अप्रैल 2026 को एक संदिग्ध को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह चोरी का सामान लेने के लिए टांडा भागमल क्षेत्र पहुंचा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में चोरी की नीयत से मंदिर में घुसा था। इस दौरान बाहर सो रहे बुजुर्ग सेवादार के जागने और विरोध करने पर उसने हथोड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने मंदिर से इन्वर्टर, एम्प्लीफायर और नकदी चोरी कर ली थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथोड़ी व पेचकस के साथ चोरी किया गया इन्वर्टर और एम्प्लीफायर बरामद किया है।
इस ब्लाइंड मर्डर केस का कम समय में खुलासा होने पर क्षेत्रीय जनता ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
पंजीकृत मुकदमे:
मु0अ0सं0 313/26 धारा 103(1)/309(6)/317(2) बीएनएस
मु0अ0सं0 314/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस
गिरफ्तार आरोपी:
विशाल चौधरी (25 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
बरामदगी:
हत्या में प्रयुक्त हथोड़ी व पेचकस
मंदिर से चोरी किया गया इन्वर्टर व एम्प्लीफायर
पुलिस टीम:
सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी सहित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।


