वॉलीबॉल में हरिद्वार को हराकर देहरादून बना चैंपियन, सेपक टाकरा में हरिद्वार महिला टीम का दबदबा

पुरुष सेपक टाकरा रेगू व क्वाड में 31वीं वाहिनी पीएसी अव्वल

फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार।पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस वॉलीबॉल एवं सेपक टाकरा प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को शानदार समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।

अंतिम दिन खेले गए मुकाबलों में देहरादून जनपद ने वॉलीबॉल फाइनल में हरिद्वार को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं पुरुष वर्ग के सेपक टाकरा मुकाबलों में 31वीं वाहिनी पीएसी का दबदबा देखने को मिला। टीम ने रेगू वर्ग में उधमसिंह नगर को तथा क्वाड वर्ग में आईआरबी द्वितीय को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

इन दोनों प्रतिस्पर्धाओं में हरिद्वार की टीम ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए क्रमशः पिथौरागढ़ और उधमसिंह नगर के साथ तीसरा स्थान साझा किया। महिला सेपक टाकरा रेगू फाइनल में हरिद्वार की टीम ने एकतरफा मुकाबले में उधमसिंह नगर को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

समापन समारोह में आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने विजेता, उपविजेता व तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके बाद प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की गई।

तीन दिवसीय इस खेल आयोजन ने पुलिस कर्मियों के बीच खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की शानदार मिसाल पेश की।

Share.
Leave A Reply