फुरकान अंसारी संवाददाता।

 हरिद्वार। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन, हरिद्वार इकाई ने पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी के मामले में कांग्रेस विधायक रवि बहादुर के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया है।

 

दरअसल हाल ही में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के एक कार्यक्रम के दौरान जेब काटने की घटना सामने आई थी, जिसमें कुछ पत्रकारों और अन्य लोगों की जेब कटने की शिकायतें मिली थीं। इसी घटना के संबंध में जब एक पत्रकार ने विधायक रवि बहादुर से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की तो उनके साथ कथित रूप से बदसलूकी की गई और कवरेज कर रहे पत्रकार का फोन भी छीन लिया गया।

 

इस घटना से नाराज उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की हरिद्वार इकाई ने आपातकालीन बैठक बुलाई। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने सर्वसम्मति से विधायक के इस व्यवहार की निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया।

 

यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरी ने कहा कि पत्रकारों के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इस मामले को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यदिवस में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी लिखित शिकायत भेजी जाएगी।

 

बैठक के अंत में भास्कर पोखरियाल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।

 

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरि ने की, जबकि संचालन महासचिव महावीर नेगी ने किया। बैठक में मुदित अग्रवाल, डॉ. विशाल गर्ग, रविंद्र सिंह, रूपेश वालिया, अश्वनी अरोड़ा, विशाल गोस्वामी, चंद्रशेखर गोस्वामी और विजय कुमार बंसल समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply