फुरकान अंसारी संवाददाता।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों द्वारा दिए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि निकाय कर्मियों के अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं।
उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण राज्य है। यहां नगर निकायों की भूमिका विशेष रूप से बढ़ जाती है, खासकर चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निकाय कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के हित में सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें प्रमुख हैं—
पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन करना
चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय
वर्दी एवं स्नोबूट हेतु ₹2500 की सहायता
स्वास्थ्य एवं कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान
₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस
ईपीएफ एवं ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने हेतु निर्देश
संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 करना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर प्रदेश के समग्र विकास को गति दे रही है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सुरक्षा और कल्याण के लिए ‘नमस्ते योजना’ और ‘आयुष्मान भारत योजना’ जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक श्री सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक श्री संतोष गौरव, श्री नरेश वेद एवं अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


