फुरकान अंसारी , संवाददाता।

हरिद्वार ,22/03/2026। सर्वश्रेष्ठ कोतवाली का सम्मान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस द्वारा “आओ करें रक्तदान, किसी की बचेगी जान” अभियान के अंतर्गत एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा एवं व0उ0नि0 खेमेन्द्र गंगवार की पहल पर संपन्न हुआ।

दिनांक 22 मार्च 2026 को आयोजित इस शिविर में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर हरिद्वार, कोतवाली ज्वालापुर में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारीगणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके अतिरिक्त मीडिया के पत्रकार बंधुओं, क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों तथा अन्य समाजसेवियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

 

प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने कहा कि “रक्तदान महादान है। ज्वालापुर पुलिस हमेशा समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रही है। यह शिविर न केवल हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है, बल्कि आम जनता को भी इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है। भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।”

 

व0उ0नि0 खेमेन्द्र गंगवार ने कहा कि “एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इस शिविर में जिस प्रकार पुलिस कर्मियों, मीडिया व आम जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, वह अत्यंत सराहनीय है। हम सभी का प्रयास है कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और अधिक बढ़े।”

इस रक्तदान शिविर में कुल 50 लोगों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया गया, जिससे 50 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ। यह रक्त भविष्य में जरूरतमंदों की जान बचाने में उपयोगी सिद्ध होगा। इस सराहनीय पहल की सभी उपस्थित जनों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।

Share.
Leave A Reply