(फुरकान अंसारी , संवाददाता)
हरिद्वार, 7 मार्च 2026। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे के विरोध में प्रदर्शन किया। काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तुलसी चौक पर रोकते हुए गिरफ्तार कर लिया।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि अमित शाह देवभूमि हरिद्वार की जनता को बताएं कि देश की संप्रभुता पर अमेरिका के कथित हस्तक्षेप को लेकर सरकार क्यों चुप है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड के वीआईपी आरोपी की गिरफ्तारी का सवाल उठाते हुए कहा कि हरिद्वार में कुछ नेताओं के संरक्षण में अवैध नशे का कारोबार चल रहा है, जिससे युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी सरकार में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का अपमान क्यों किया जा रहा है।
वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने आरोप लगाया कि गृहमंत्री की रैली में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया और निजी कर्मचारियों पर दबाव बनाकर उन्हें रैली में लाया गया, जबकि आम जनता ने दूरी बनाए रखी।
पार्षद हिमांशु गुप्ता और सोहित सेठी ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को भीड़ जुटाने में लगाया गया, जिससे साफ है कि भाजपा को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है और 2027 में उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।
यूथ कांग्रेस नेता उत्कर्ष वालिया और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि अमित शाह को हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक की संपत्ति की जांच करानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पिछले 24 वर्षों में उन्होंने कितनी संपत्ति अर्जित की है।
एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा और वरिष्ठ नेता सीपी सिंह ने कहा कि हरिद्वार पहुंचे गृहमंत्री को देश की मौजूदा परिस्थितियों पर भी जवाब देना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिला महासचिव शुभम जोशी, आशु श्रीवास्तव, अरुण चौहान, सतेंद्र वर्मा, सत्यम शर्मा, सोनू शर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply