(फुरकान अंसारी)

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना पथरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लगातार संलिप्त आरोपी परवेज उर्फ छोटा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में परवेज उर्फ छोटा द्वारा चोरी-छिपे अवैध मादक द्रव्यों की तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर थाना पथरी में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की गतिविधियों की जांच की गई।

जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजी गई, जिसके आधार पर उत्तराखंड शासन ने धारा 3(1) PIT NDPS एक्ट के तहत शासनादेश संख्या 216/XX-4/2026-E-98276 दिनांक 16 फरवरी 2026 को पारित किया।

शासनादेश के अनुपालन में थाना पथरी पुलिस की टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए प्रस्तावित बंदी परवेज उर्फ छोटा को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share.
Leave A Reply