(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 6 मार्च 2026। फाउंड्री गेट से भगत सिंह चौक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों की मदद के लिए एसएसपी नवनीत सिंह खुद मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू कर दोनों को अस्पताल भिजवाया।

दरअसल एसएसपी नवनीत सिंह वीवीआईपी ड्यूटी की व्यवस्थाओं की जांच और डी-ब्रीफिंग के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें सड़क पर दो घायल पड़े दिखाई दिए, जो एक दुर्घटना में घायल हो गए थे। जानकारी लेने पर पता चला कि एक चरवाहा अपनी बकरी के साथ सड़क पार कर रहा था। उसे बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक ऑटो से टकरा गई।

इस हादसे में बाइक सवार और चरवाहा दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंचकर एसएसपी नवनीत सिंह ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया और मातहत पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को मेला अस्पताल भिजवाया।

चेतक पुलिस की सूचना पर घायल बाइक सवार के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका उपचार मेला अस्पताल में चल रहा है।

एसएसपी की इस तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Share.
Leave A Reply