(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 6 मार्च 2026।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेश कुमार ने कहा है कि गृह मंत्री की रैली में स्वाभाविक रूप से जनता का न पहुंचना सरकार चलाने वालों की घटती लोकप्रियता का स्पष्ट प्रमाण है। उनका आरोप है कि देश के दूसरे सबसे बड़े पद पर बैठे नेता को सुनने के लिए जनता स्वेच्छा से नहीं आ रही है, जिसके चलते भीड़ जुटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियों, कामगारों, मजदूरों, कॉलेज के छात्रों और कमजोर वर्ग के लोगों को जबरन रैली में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

दिनेश कुमार का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी युद्ध स्तर पर भीड़ जुटाने में लगे हुए हैं, जो न केवल प्रशासनिक भ्रष्टाचार को दर्शाता है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत भी है। उनके अनुसार यह स्थिति तानाशाही प्रवृत्ति की ओर इशारा करती है और जनता के संसाधनों का दुरुपयोग भी है।

उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले लोगों द्वारा इस प्रकार की गतिविधियां देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही हैं। साथ ही छात्रों और युवाओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि देश तानाशाही के दौर की ओर बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने प्रशासन और अन्य सरकारी अधिकारियों द्वारा गृह मंत्री की रैली में लोगों को जबरन ले जाने की किसी भी असंवैधानिक कोशिश का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना उनका प्रथम नागरिक कर्तव्य है।

Share.
Leave A Reply