(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार, 4 मार्च 2026। होली शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद सोमवार शाम सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के आवास पर 20 से अधिक लाठी-डंडों से लैस लोगों ने अचानक धावा बोल दिया। हमलावर कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे और घर में घुसकर जमकर मारपीट की।

इस हमले में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज कुमार सहित 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने घर के भीतर मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए बेरहमी से प्रहार किए। महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। घटना के दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान और हमलावर पक्ष के बीच पूर्व से किसी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। कुछ लोगों द्वारा यह आरोप भी लगाया गया है कि हमले में राजनीतिक संगठन से जुड़े कुछ लोग शामिल थे, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

घटना के बाद ग्राम प्रधान के समर्थकों ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

Share.
Leave A Reply