वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर होली पर्व के अवसर पर मुस्तैद रही हरिद्वार पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
(फुरकान अंसारी )
हरिद्वार, 4 मार्च2026।आज दोपहर करीब 1:10 बजे लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के निकट थाना खानपुर क्षेत्र में सीएनजी गैस से भरे दो भारी वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहन तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से संबंधित बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद दो गैस सिलेंडरों से लगातार गैस का रिसाव हो रहा था, जिससे आग या विस्फोट की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ दिखाते हुए घटनास्थल से लगभग 200 मीटर पूर्व गोवर्धनपुर और खानपुर की ओर से यातायात पूर्ण रूप से रोक दिया।
फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम एवं सीएनजी विशेषज्ञों को तुरंत बुलाया गया। घायल ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार हेतु चिकित्सालय भेजा गया तथा गैस रिसाव को नियंत्रित कराया गया।
इसके बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे सुरक्षित कराया गया और स्थिति सामान्य होने पर यातायात सुचारू रूप से प्रारंभ किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार निर्देशन एवं पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज मय पुलिस बल तथा FSO लक्सर अपनी टीम के साथ स्थिति सामान्य होने तक मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित, साहसिक एवं जिम्मेदार कार्रवाई की सराहना की।


