दो स्थानों पर श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ होलिका दहन

(फुरकान अंसारी, संवाददाता) 

हरिद्वार, 2 मार्च 2026।ज्वालापुर के मंडी का कुआँ क्षेत्र में होलिका दहन का कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मोहल्ले के मध्य निर्धारित स्थान पर कई दिनों पूर्व से तैयारियां प्रारंभ कर दी गई थीं। क्षेत्रवासियों ने सामूहिक सहयोग से लकड़ियां एकत्रित कर विधिवत होलिका की स्थापना की।
होलिका को रंगीन वस्त्रों, नारियल, रोली, गुलाल और पुष्पमालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया। सायंकाल होते ही महिलाओं ने पारंपरिक मंगलगीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के उपरांत होलिका दहन किया गया। श्रद्धालुओं ने होलिका की पवित्र अग्नि की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
इसी क्रम में अंबेडकर चौक पर भी विधि-विधान के साथ होलिका दहन सम्पन्न हुआ। यहां भी स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक सहयोग से आयोजन की तैयारियां कीं और बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों ने भाग लेकर उत्सव को भव्य रूप दिया। दोनों स्थानों पर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरा क्षेत्र होली के रंग में सराबोर नजर आया।त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर उपनिरीक्षक गंभीर तोमर,उपनिरीक्षक रविन्द्र जोशी, कांस्टेबल मधवीर, कांस्टेबल कमल सिंह, महिला कांस्टेबल गीता एवं अन्य पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से दोनों स्थानों पर कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। होलिका दहन के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और प्रेम, सौहार्द व सामाजिक एकता का संदेश दिया। पूरा आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में समाज के प्रमुख सदस्य विपिन पाल, संदीप कुमार, अतुल, शिवपाल, रवि कुमार,विपिन कुमार, पंकज, अश्वनी, रविंद्र कुमार, मेघराज,ललित,शिव शंकर, दीपक, अमित कुमार एवं कुंवर लाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन की व्यवस्थाओं में युवाओं ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

Share.
Leave A Reply