होली से पहले बाजार में नकली नोट खपाने की कोशिश नाकाम, हरिद्वार पुलिस की मुस्तैदी से 19,000 रुपये के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार
(फुरकान अंसारी, संवाददाता)
हरिद्वार, 2 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भीड़-भाड़ वाले बाजार में नकली नोट खपाने की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार के निर्देशन में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में दिनांक 01.03.2026 को कोतवाली रुड़की पुलिस टीम रात्रि मोबाइल गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सोनाली पार्क के सामने, कलियार रोड पर मोटरसाइकिल सहित खड़ा है और नकली नोटों का व्यापार करता है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया।
आमजन से अपील
त्योहारों के दौरान बाजारों में अधिक लेन-देन होता है। अतः नकली नोटों से बचाव हेतु नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई, जिससे होली के अवसर पर बाजार में संभावित आर्थिक नुकसान रोका जा सका।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुकेश कुमार गर्ग पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा व थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.), उम्र 52 वर्ष के रूप में हुई।
बरामदगी
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ₹500 के कुल 38 जाली/कूट रचित नोट बरामद हुए, जिनकी कुल राशि ₹19,000/- है।
दर्ज अभियोग
आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रुड़की में मु0अ0सं0 72/26 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
उप निरीक्षक आनंद मेहरा,कांस्टेबल इतेंद्र ध्यान,होमगार्ड महक सिंह की कार्रवाई।


