(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 2 मार्च 2026।आज होलिका दहन के पावन अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित मां दुर्गा मंदिर प्रांगण में समस्त पुलिस परिवार के साथ पहुंचे। शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धा एवं आस्था के साथ होलिका दहन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, सीओ सदर/लाइन सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
होलिका दहन कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम उपरांत सभी ने रंगों के महापर्व की खुशियों को साझा करते हुए एक-दूसरे को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में सौहार्द, एकता और उत्सव का भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा।


