(फुरकान अंसारी, संवाददाता)

हरिद्वार, 2 मार्च 2026। विश्व प्रसिद्ध पावन नगरी हरिद्वार की पावन धरा पर स्थित अमरपुरा घाट में आज सिटी प्रेस क्लब हरिद्वार के तत्वावधान में श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक भावनाओं के साथ दूध की होली खेली गई। कार्यक्रम के दौरान मां गंगा को दूध अर्पित कर विश्व शांति, देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष ठाकुर मनोज कुमार ‘मनोजानंद’ ने कहा कि हरिद्वार आध्यात्म और वैराग्य की धरती है। यहां ज्ञान और भक्ति की होली खेली जाती है तथा संतों की कृपा से समाज में सद्भाव और संस्कारों की वर्षा होती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के मठ, मंदिर, आश्रम और अखाड़े सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जहां से संपूर्ण विश्व में धर्म और ज्ञान की गंगा प्रवाहित होती है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कोतवाल कमल मुनि महाराज ने कहा कि सिटी प्रेस क्लब पत्रकारिता जगत में निष्पक्षता और निर्भीकता की मिसाल कायम कर रहा है। आज पत्रकारिता को सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता है, जो गिरते स्तर को सुधारकर समाज के सामने सत्य और निष्पक्षता को स्थापित करे। उन्होंने सभी संत-महापुरुषों, महामंडलेश्वरों और गुरुजनों को होली महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर दादू भाई ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है, जो समय-समय पर सामाजिक समस्याओं को उजागर कर उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करती है। सिटी प्रेस क्लब जैसे संगठन ही पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष ठाकुर मनोज कुमार ‘मनोजानंद’, महामंत्री कमल अग्रवाल, संयोजक मोनिका सिंह, सचिव प्रवीण कश्यप, अजय वर्मा, सागर, अमर, कोष सचिव कु. रानी, सदस्य राजू भाई, हर्ष, साहिल, नितिन, निरीक्षक रोहित कश्यप, कोषाध्यक्ष विजय बंसल, इंद्र शर्मा, दादू कृष्णा, अभिषेक सहित भारी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं आमजन उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply