(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार। पवित्र माह रमजान के दौरान जहां एक ओर लोग इबादत और रोज़े में व्यस्त हैं, वहीं हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम गढ़ोवाली में गंदगी की समस्या से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। गांव के आसपास बाहरी लोगों द्वारा कूड़ा डाले जाने से मच्छरों और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। इससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है और रोज़ेदारों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी संबंध में एक स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी बात देहरादून से आये राष्ट्रीय जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष आजाद अली के समक्ष रखी और गांव में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।

आजाद अली ने की कार्रवाई की मांग

राष्ट्रीय जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में इस तरह की गंदगी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेकर गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अलीम अंसारी ने भी प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि ग्राम गढ़ोवाली में जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए संबंधित विभाग को तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए।

Share.
Leave A Reply