(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार पुलिस ने फर्जी हाईस्कूल परीक्षा प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता स्कूल हैंडमास्टर को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 24 फरवरी 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में एक छात्रा से दूसरे के नाम पर फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाए जाने का मामला प्रकाश में आया था। इस संबंध में प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी द्वारा कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 59/2026 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं “मुन्ना भाई”
मामले में पूर्व में पुलिस ने 03 “मुन्ना भाई” एवं 04 “मुन्नी बहनों” को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए थे।
मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गहन विवेचना के बाद फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलवाने वाले मुख्य आरोपी को चिन्हित किया।
दिनांक 26 फरवरी 2026 को आरोपी, निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर, हरिद्वार को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल का प्रिंसिपल बताया। साथ ही “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से व्हाट्सएप/सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग संचालित करने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने ट्यूशन के नाम पर छात्रा के परिजनों से परीक्षा पास कराने के लिए धनराशि ली तथा दूसरी छात्रा की फोटो का उपयोग कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। इसी फर्जी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई गई।
पुलिस ने आरोपी को धोखाधड़ी, कूट रचना एवं सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण कराने के आरोप में गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
अन्य संस्थान की भूमिका की भी जांच
प्रकरण में सावित्री शिक्षा सदन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आशुतोष सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर
उ0नि0 मन्दीप सिंह
का0 विवेक गुसांई की कार्रवाई।


