एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आयोजित हुई बार्डर मीटिंग
उ०प्र० के जनपद बिजनौर पुलिस अधिकारियों ने भी की सहभागिता
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 31 जनवरी2026। शरदीय कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार श्री प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आज दिनांक 31-01-2026 को होटल पिनाका, थाना श्यामपुर में एक महत्वपूर्ण बार्डर मीटिंग का आयोजन किया गया।
उक्त बैठक में एसपी सिटी हरिद्वार, सीओ सिटी हरिद्वार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हरिद्वार, एसओ श्यामपुर के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर से एसपी सिटी, सीओ नजीबाबाद एवं एसएचओ मण्डावली द्वारा प्रतिभाग किया गया।
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर हुआ मंथन
गोष्ठी के दौरान दिनांक 02-02-2026 से 15-02-2026 तक आयोजित होने वाले शरदीय कांवड़ मेला तथा 15-02-2026 को महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने हेतु आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दोनों जनपदों के अधिकारियों द्वारा सूचनाओं का आदान-प्रदान, यातायात प्लान साझा किया गया तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग के लिए ठोस पुलिस प्रबंधन किए जाने पर सहमति बनी। साथ ही, कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित किए जाने का निर्णय लिया गया।
हरिद्वार पुलिस द्वारा शरदीय कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी की जा रही हैं।


