(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार। 25 दिसंबर 2025। SSP हरिद्वार के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी पर्यवेक्षण में लक्सर क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया गया।
घटना के अनावरण हेतु गठित की गई अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से, बिजनौर हाईवे के पास से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।
प्राथमिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी विनय त्यागी एवं सन्नी यादव के बीच पैसों का लेनदेन चल रहा था। पैसे मांगने पर विनय त्यागी द्वारा लगातार सन्नी यादव को जान से मरवाने की धमकी दी जा रही थी, जिससे क्षुब्ध होकर सन्नी यादव काफी समय से विनय त्यागी की रेकी कर रहा था।
आरोपी सन्नी को यह जानकारी मिली कि विनय त्यागी रुड़की जेल में बंद है तथा दिनांक 24-12-2025 को लक्सर न्यायालय में पेशी हेतु लाया जाएगा। इसी सूचना के आधार पर सन्नी यादव ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की नीयत से उक्त घटना को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। अभियुक्तों से पूछताछ में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

