फुरकान अंसारी।
रुड़की। शिक्षा नगरी रुड़की में देह व्यापार के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल में छापेमारी कर तीन महिलाओं सहित एक होमगार्ड जवान को हिरासत में लिया है। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रुड़की रोडवेज बस स्टैंड से लेकर शताब्दी द्वार तक के क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि कुछ महिलाएं राहगीरों और यात्रियों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करती हैं। वहीं, इस कथित नेटवर्क में कुछ ई-रिक्शा चालकों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जो ग्राहकों को होटल तक पहुंचाने में मदद करते हैं।
बताया जा रहा है कि देर शाम पुलिस को मिली सूचना के आधार पर सिविल लाइंस कोतवाली की टीम ने रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और एक होमगार्ड जवान को हिरासत में लिया। इसके बाद सभी को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस इससे पहले भी इस क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कई बार अभियान चला चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद इस तरह की गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती हैं, जिससे क्षेत्र की छवि और माहौल प्रभावित हो रहा है।
वहीं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए इस कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों, होटल संचालकों और संदिग्ध ई-रिक्शा चालकों की भूमिका की भी जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


