फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। चण्डी चौक के पास आपसी लड़ाई-झगड़े के दौरान अपहरण की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 18/19 नवंबर की देर रात चण्डी चौक के पास कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट और शोर-शराबा हो गया। इसी दौरान विवाद को छिपाने के उद्देश्य से युवकों में से किसी ने पुलिस को अपहरण की झूठी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही रोड़ीबेलवाला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद संबंधित युवकों को चौकी बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि युवकों के बीच आपसी विवाद हुआ था और उसी को छिपाने के लिए अपहरण की झूठी सूचना दी गई थी।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सभी संबंधित युवकों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पुलिस को किसी भी प्रकार की झूठी सूचना देकर गुमराह न करें। इस तरह की हरकतों से पुलिस का समय और संसाधन अनावश्यक रूप से खर्च होते हैं। झूठी सूचना देने, अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


