फुरकान अंसारी।
रुड़की। जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद ने की, जबकि संचालन कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष जसवीर सिंह प्रधान ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू दूरदर्शी, शिक्षित और महान विचारों वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा और कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने लंबे समय तक जेल में रहकर संघर्ष किया। आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि रुड़की में विश्वविद्यालय, सीबीआरआई, सिंचाई विभाग के मुख्यालय और बीएचईएल जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना से क्षेत्र को भी विशेष पहचान मिली। उन्होंने युवाओं से नेहरू के राष्ट्रप्रेम और विचारों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता और शिल्पकार के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। स्वतंत्रता आंदोलन में उनके त्याग और बलिदान तथा देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए किए गए उनके प्रयासों को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नेहरू ने अनेक बड़े संस्थान देश को समर्पित किए और राष्ट्र की प्रगति के लिए अपना जीवन लगा दिया। ऐसे महान सपूत को देश सदैव नमन करता रहेगा।

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि पंडित नेहरू का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने देश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी निर्णयों और प्रयासों का लाभ आज भी देश को मिल रहा है।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष यासमीन खान, जिला महामंत्री मोहित त्यागी, जिला महामंत्री संगठन मुनफैत अली, जिला महामंत्री गौरव अग्रवाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी पंडित नेहरू के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के उपरांत प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर सभी का हार्दिक अभिनंदन है। पार्टी उनके सहयोग और समर्पण का पूरा सम्मान करेगी।

इस दौरान नीरज सैनी, मुस्तकीम अहमद, तुषार अरोड़ा, शमशेर अली, डॉ. इरशाद मीर, पूर्व प्रधानाचार्य मनोज सैनी, वीणा आनंद, पंडित वीरेंद्र शर्मा, नीरज अग्रवाल, रामपाल सिंह, प्रदीप कुमार, भीम सिंह, गौरव प्रधान, रवि, बिजेंद्र चौधरी, अक्षय कुमार गौतम, नौशाद, गफ्फार अली, सलमान खान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply